मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के लोगों में कोई दम नहीं है। उनके पास न काम का अनुभव है और न ही काम कर...
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के लोगों में कोई दम नहीं है। उनके पास न काम का अनुभव है और न ही काम करने में उनकी दिलचस्पी है। 15 साल तक उन्हें मौका मिला तो पति-पत्नी की सरकार ने राज्य के विकास के लिए कुछ नहीं किया। बेटा-बेटी ही उनका परिवार है। वहीं हमारा परिवार पूरा बिहार है। जबसे लोगों ने काम करने का मौका दिया है, हम सेवा कर रहे हैं। आगे भी काम करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री सोमवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय से 11 विधानसभा क्षेत्रों की वर्चुअल रैली को संबोधित कर रहे थे। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव का नाम लिये बगैर उनपर हमला बोला और कहा कि आजकल वे बेरोजगारी पर प्रवचन दे रहे हैं। कहते हैं कि पहली कैबिनेट में नौकरी देंगे। उनलोगों की सरकार थी तो कैबिनेट की बैठक तक नहीं होती थी। कैबिनेट की प्रत्याशा में निर्णय ले लिये जाते थे। हमलोग सत्ता में आए तो उनके कई निर्णयों पर मुहर लगाई। उनलोगों ने 15 साल में सिर्फ 95734 नौकरियां दी। वह भी तब जब वर्ष 1990 से 2000 तक झारखंड भी बिहार का हिस्सा था। वहीं हमलोगों ने पिछले 15 साल में छह लाख आठ हजार 893 लोगों को सरकारी नौकरियां दीं। 65 हजार पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। आगे भी सभी रिक्त पदों को भरा जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विपक्ष समाज को बांटने की कोशिश कर रहा है। समाज में भ्रम फैला रहा है। झगड़े से विकास का काम प्रभावित होता है। इसलिए सभी लोग सचेत और सतर्क रहें। समाज में प्रेम और भाईचारा बनाए रखें।
No comments