लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि देश में भाजपा को छोड़कर सभी राजनीतिक दल परिवारवाद से ग्रस...
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि देश में भाजपा को छोड़कर सभी राजनीतिक दल परिवारवाद से ग्रस्त हैं। नड्डा ने लखनऊ जिले के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि देश की राष्ट्रीय पार्टियां हों या क्षेत्रीय पार्टी, सभी परिवारवाद से ग्रस्त हैं और वहां बेटों को पिता द्वारा राजनीति विरासत में दी जाती है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में नजर दौड़ाकर देखिए, सभी दल परिवारवाद के घेरे में है। सिर्फ भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जहां साधारण परिवार से आने वाला व्यक्ति भारत का प्रधानमंत्री बनकर देश की तकदीर बदल देता है। यहां सामान्य परिवार का बेटा रक्षामंत्री बनता है, भारत के राष्ट्रपति बनते हैं और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बनते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में अगर 1,500 राजनीतिक दल हैं तो उनमें कुछ राष्ट्रीय और कुछ क्षेत्रीय स्तर पर हैं। लेकिन मैं हमेशा कहता हूं कि जिसको भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में काम करने का मौका मिला, उसे राजनीति की दृष्टि से अपने को सर्वाधिक भाग्यशाली समझना चाहिए। नड्डा ने कहा कि दूसरे राजनीतिक दलों के पास न नीति है, न नीयत है और न नेता हैं लेकिन भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है जिसके पास नीति, नीयत और कार्यकर्ताओं के साथ मोदी और योगी जैसे नेता भी हैं।
No comments