लखनऊ भाई-बहन के बीच अटूट स्नेह का पर्व भाई दूज शनिवार को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इ...
लखनऊ भाई-बहन के बीच अटूट स्नेह का पर्व भाई दूज शनिवार को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इस मौके पर अपने भाई राहुल गांधी के साथ पुरानी तस्वीर शेयर कर प्यार जताया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है- 'मुझे गर्व और खुशी है कि मेरे भाई करुणा, प्रेम और साहस के साथ सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं। आप सभी को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं।' इस फोटो में राहुल प्रियंका के कंधे पर हाथ रखे हुए खड़े हैं और उनके गले में ढेरों मेडल लटक रहे हैं। दोनों भाई-बहन तस्वीर में बेहद खुश नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी ने स्माइली इमोजी के सहारे प्रियंका गांधी को बधाई का जवाब दिया है। अपने ट्वीट में प्रियंका ने बताया है कि ये तस्वीर उस समय की है जब राहुल गांधी ने निशानेबाजी की प्रतियोगिता में ढेर सारे मेडल जीते थे। प्रियंका गांधी पहले भी भाई दूज के अवसर पर राहुल गांधी के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करती रही हैं। वर्ष 2019 में प्रियंका ने ट्विटर पर एक कोलाज शेयर किया था। इस कोलाज में प्रियंका गांधी और राहुल गांधी की ऐसी तस्वीरें हैं जो अब तक जिंदगी का सफर बयां कर रही हैं। इन तस्वीरों के साथ प्रियंका ने लिखा था, 'लव यू राहुल गांधी'। राहुल को बहुत अच्छा भाई मानती हैं प्रियंका पहले भी कई मौकों पर प्रियंका और राहुल गांधी का एक-दूसरे के प्रति स्नेह सार्वजनिक तौर पर नजर आता रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान एक वाकये की काफी चर्चा हुई थी। दोनों चुनाव प्रचार के दौरान कानपुर के हेलिपैड पर अपने-अपने हेलिकॉप्टर से उतरे और गर्मजोशी से मिले थे। प्रियंका ने यहां मीडिया से बातचीत में राहुल को बहुत अच्छा भाई बताया था। जब राहुल ने की थी प्रियंका की टांग खिंचाई इस दौरान राहुल गांधी ने भी अपनी बहन की टांग खिंचाई की थी। राहुल गांधी ने कहा था, 'मैं आपको बताता हूं कि अच्छे भाई का मतलब क्या होता है? मैं लंबी-लंबी यात्राएं छोटे से हेलिकॉप्टर में कर रहा हूं, जबकि प्रियंका को छोटे सफर के लिए बड़ा हेलिकॉप्टर मिला है।' राहुल की इस बात पर प्रियंका गांधी समेत वहां मौजूद मीडियाकर्मी हंस पड़े थे।
from Hindi Samachar: हिंदी समाचार, Samachar in Hindi, आज के ताजा हिंदी समाचार, Aaj Ki Taza Khabar, आज की ताजा खाबर, राज्य समाचार, शहर के समाचार - नवभारत टाइम्स https://ift.tt/3o69b2P
https://ift.tt/3GViueO
No comments