मुंबई कोरोना और ओमीक्रोन के केसों में तेजी से बढ़ोतरी होने के बाद मुंबई में बंदिशें बढ़नी शु्रू हो गई हैं। मुंबई पुलिस ने शाम पांच बजे से...

मुंबई कोरोना और ओमीक्रोन के केसों में तेजी से बढ़ोतरी होने के बाद मुंबई में बंदिशें बढ़नी शु्रू हो गई हैं। मुंबई पुलिस ने शाम पांच बजे से सुबह पांच बजे तक लोगों के समुद्र तटों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर जाने पर रोक लगा दी है। राज्य सरकार ने भी शादियों, सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में 50 और अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 लोगों के इकट्ठा होने की नई सीमा तय की है। राज्य सरकार ने पिछले सप्ताह रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक पांच से ज्यादा लोगों के सार्वजनिक स्थानों पर एक साथ इकट्ठा होने पर रोक लगाई थी। अब पुलिस उपायुक्त (अभियान) एस. चैतन्य ने धारा 144 के तहत 15 जनवरी तक शाम पांच बजे से सुबह पांच बजे तक समुद्र तटों, खुले मैदानों, सैरगाहों, बगीचों, उद्यानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के जाने पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। उधर, कोरोना टास्क फोर्स की गुरुवार को बैठक में हुई लंबी बैठक के बाद सरकार ने देर रात पाबंदियों की नई गाइडलाइन जारी की। शादी चाहे खुले में हो या बंद हॉल में हो, उसमें ज्यादा से ज्यादा 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। पहले शादियों और अन्य समारोहों में बंद जगह पर 100 और खुले स्थानों में 250 लोगों के शामिल होने की अनुमति थी। अंतिम संस्कार में 20 लोग ही शामिल हो सकेंगे। कोरोना केस घटने पर इसमें सीमा हटा ली गई थी। मुंबई में कोरोना के 5,631 नए मामले पिछले 24 घंटे में मुंबई में कोरोना के 5,631 नए मामले मिले हैं। इनमें एक दिन में ही 35 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को मिले मुंबई में पॉजिटिविटी रेट 11.86 फीसद पहुंच गया। यह बुधवार को 4.84 फीसद और गुरुवार को 7.91 फीसद था। हालांकि राहत की बात यह है कि इन मरीजों में से 4,223 यानी 75 फीसद में कोरोना का एक भी लक्षण नहीं है। इनमें से सिर्फ 9 फीसद मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ी। राज्य में शुक्रवार को ओमीक्रोन के 4 मरीज मिले है। मुंबई में एक भी ओमीक्रोन मरीज नहीं मिला। राज्य में शुक्रवार को कोरोना के 8,067 नए मरीज मिले और 8 लोगों की मौत हुई। कोविड टास्क फोर्स के सदस्य डॉ. राहुल पंडित ने बताया, 'अभी तक मिल रहे नए मामले को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि कोरोना की तीव्रता हल्की रही है।' बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने बताया कि बहुत कम ही लोगों को ही अस्पताल में भर्ती करने की नौबत आई है। डॉक्टर्स हुए कोरोना संक्रमित जेजे के बाद केईएम और सायन अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर्स के कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आई है। केईएम अस्पताल के 30 हेल्थकेयर वर्कर्स कोविड पॉजिटिव पाए गए है। इसमें रेजिडेंट डॉक्टर्स, इंटर्न, एमबीबीएस, नर्सेस और अन्य कर्मचारियों का समावेश है। केईएम के डेप्युटी डीन डॉ. मिलिंद नाडकर ने बताया कि केईएम में हेल्थकेयर वर्कर्स के कोरोना संक्रमित होने का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। रविवार को सिर्फ दो मामले थे। महज पांच दिन में यह संख्या बढ़कर 30 हो गई है। इन सभी ने वैक्सीन की दोनों डोज ली है और सभी की हालत स्थिर है। इसके अलावा सायन अस्पताल के ऑर्थो और सर्जरी विभाग के दो रेजिडेंट डॉक्टर्स के कोरोना संक्रमित होने की खबर है। सायन मार्ड के अध्यक्ष डॉ. अक्षय यादव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इन डॉक्टर्स के संपर्क में आनेवाले सभी हेल्थकेयर वर्कर्स की कोरोना जांच की जा रही है। बॉम्बे अस्पताल के 7 डॉक्टरों के कोविड पॉजिटिव होने की पुष्टि डॉ. गौतम भंसाली ने की है।
from Hindi Samachar: हिंदी समाचार, Samachar in Hindi, आज के ताजा हिंदी समाचार, Aaj Ki Taza Khabar, आज की ताजा खाबर, राज्य समाचार, शहर के समाचार - नवभारत टाइम्स https://ift.tt/32R0um2
https://ift.tt/3HoOSpw
No comments